चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर में सरकारी कार्य के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ है। इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। दुलहीपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह की तहरीर पर प्रिंस सोनकर सहित 8 नामजद और 3-4 अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज, वर्दी फाड़ने, नेम प्लेट तोड़ने और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब सावन माह में मीट-मुर्गा की दुकानों पर नोटिस तामील कराने गए पुलिसकर्मियों से प्रिंस सोनकर ने पहले अभद्रता और हाथापाई की। सूचना मिलने पर जब चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे, तो आरोपी और उसके परिजनों ने उनके साथ भी मारपीट की।
आरोप है कि चौकी प्रभारी के सिर पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। वहीं, एक सिपाही का गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई और नेम प्लेट भी तोड़ दी गई।
इस हमले में चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल बालकृष्ण यादव और महिला आरक्षी मोहित यादव घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मुगलसराय इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दरोगा की तहरीर पर प्रिंस सोनकर, उसके भाई गौतम, अभिषेक, अमरजीत, प्रिंस सोनकर की माता, प्रिंस की बहन, रमेश सोनकर और लगभग 3 से 4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






