चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की एक बुनकर महिला के साथ पावरलूम मशीन दिलाने के नाम पर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत के आधार पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने तत्कालीन बैंक मैनेजर, फील्ड ऑफिसर, मनोज शर्मा, सोनी ट्रेडर्स तथा बैंक के एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि दुलहीपुर निवासी रुकसाना बीबी पत्नी परवेज अहमद ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2013 में उन्होंने पुरानी पावरलूम मशीन से कारोबार शुरू किया था। मशीन बार-बार खराब होने के कारण नई मशीन खरीदने के लिए उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से ऋण के लिए आवेदन किया। उनकी पत्रावली बड़ौदा यूपी बैंक, दुलहीपुर शाखा पहुंची, जहां तत्कालीन बैंक मैनेजर ने उन्हें मलोखर निवासी मनोज शर्मा से संपर्क करने की सलाह दी। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिनों बाद दो लोग उनके घर पहुंचे, जिनमें एक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया। दोनों ने कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए और पुरानी मशीन के साथ फोटो भी खिंचवाया। बाद में फिर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराते हुए एक माह के भीतर नई पावरलूम मशीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
रुकसाना बीबी का कहना है कि वह अशिक्षित हैं और बैंक संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी नहीं होने के कारण उन्हें यह पता नहीं चल सका कि किन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। आरोप है कि वर्ष 2022 में उनके नाम पर 9.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर पूरी राशि निकाल ली गई, जबकि उन्हें केवल 2.90 लाख रुपये ही दिए गए। इसके बावजूद आज तक नई पावरलूम मशीन नहीं लगाई गई और उनसे हर माह करीब 15 हजार रुपये ऋण की किस्त भी जमा कराई जाती रही।

पीड़िता ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में मुगलसराय कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों से पूछताछ की जा रही है । जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






