PRAHAR DUSTAK/चन्दौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित नईकोट नहर पुलिया के पास गुरुवार की दोपहर नहर में स्नान करने के दौरान 12 वर्षीय बालक के डूब जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर बालक की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई पता नहीं चल सका था और खोजबीन लगातार जारी थी।

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के चन्दौली वार्ड संख्या-8 मलीन बस्ती निवासी शकल रावत अपने परिवार के साथ जंसो की मड़ई में अस्थायी रूप से रहकर मजदूरी करता है। उसका 12 वर्षीय पुत्र सावन कुमार गुरुवार को अपने मित्र शिवा के साथ नईकोट नहर पुलिया के पास गया था। बताया जाता है कि शिवा नहर किनारे कपड़े धोने लगा, जबकि सावन स्नान करने के लिए नहर में उतर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान सावन धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चला गया। कुछ ही देर में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा। यह देख उसके मित्र शिवा ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी।

बालक के डूबने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से नहर में उतरकर बालक की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था और घटनास्थल का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र के अनुभवी गोताखोरों को बुलाकर खोज अभियान शुरू कराया। कई घंटों तक गोताखोर नहर में बालक की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद आधुनिक उपकरणों की सहायता से व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी सहयोग की अपील की है। समाचार लिखे जाने तक सावन कुमार की तलाश जारी थी और पुलिस व गोताखोर लगातार राहत एवं खोज अभियान में जुटे हुए थे।






