चन्दौली जिले में सावन माह में मांसाहार पर पूर्ण प्रतिबंध और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह और अपराध निरीक्षक रमेश यादव ने टीम के साथ शनिवार को नेशनल हाईवे के किनारे स्थित होटल, ढाबा और रेस्टोरेंटों का जायजा लिया। साथ ही संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

आपको बता दें कि नेशनल हाईवे से सावन के पावन महीने में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और शिवभक्त इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान इंस्पेक्टर गगन राज सिंह ने होटल और ढाबा संचालकों को निर्देशित किया कि सावन माह के दौरान अपने प्रतिष्ठानों पर मांसाहारी भोजन न बनाएं और न ही उसकी बिक्री करें। कहा कि सभी प्रतिष्ठान संचालक अपने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखें। साथ ही ग्राहकों के साथ शालीन व्यवहार करें। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि दिखाई दे या कोई लावारिस वस्तु मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम लगातार हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। कहा कि आपसी सहयोग से ही क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण बनाए रखा जा सकता है।






