PRAHAR DUSTAK/चन्दौली। जिले के अलीनगर पुलिस ने शनिवार की देर शाम तेल कटिंग मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बीते दिनों अलीनगर के बिछड़ी वार्ड में टैंकरों से अवैध रूप से तेल निकालकर बेचने के मामले में पुलिस ने छापेमारी की थी। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई थी। छापेमारी के दौरान मौके से कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके से लगभग 950 लीटर डीजल, टैंकर से तेल निकालने में प्रयुक्त उपकरण तथा अन्य सामान भी बरामद किया था।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पीडीडीयू नगर के अलीनगर वार्ड नंबर 9 निवासी प्रमोद चौहान घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। शनिवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे वार्ड नंबर 16 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल तथा 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध तेल कटिंग के धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अनिल यादव तथा आरक्षी आकाश सिंह शामिल रहे।






