PRAHAR DUSTAK/चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के एकौनी (ऐरी) गांव के सिवान में जल जीवन मिशन की ओवरहेड टैंक के पास स्थित एक बाउंड्री के अंदर गुरुवार को करीब 28 वर्षीय युवक का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने बाउंड्री के भीतर एक युवक का अधजला शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अलीनगर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तत्काल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में हत्या कर शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी एकत्र कर रही है।
इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। युवक की पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।






