14.2 C
Varanasi
spot_img

Chandauli News: गोशाला में सो रही वृद्धा को मारपीट कर किया अधमरा, ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज, हत्या का प्रयास के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

spot_img

Published:

PRAHAR DUSTAK/चंदौली। जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के सुरौली गांव में गुरुवार की रात घर से दूर गोशाला में सो रही एक वृद्ध महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से अधमरा हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आपको बता दें कि सुरौली गांव निवासी नथूनी चौहान पुत्र स्वर्गीय शारदा चौहान के अनुसार उनकी माता कृष्णावती देवी 12 फरवरी 2026 की रात रोज की तरह घर से कुछ दूरी पर स्थित गोशाला में सोने के लिए गई थीं। परिवार के लोग सुबह जब गोशाला पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कृष्णावती देवी बेहोशी की हालत में पड़ी थीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। आसपास खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनके साथ किसी ने मारपीट की है।

परिजनों ने तत्काल उन्हें उठाकर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी हालत गंभीर और चिंताजनक बताई। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों में आक्रोश दिखा।

विज्ञापन

पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। इसलिए उन्हें समझ नहीं आ रहा कि महिला पर हमला किसने और क्यों किया। परिवार ने आशंका जताई है कि रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला पर हमला किया होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश, चोरी के प्रयास या अन्य कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस बाबत बबुरी थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि वृद्धा की हालत गम्भीर है। इलाज चल रहा है। अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या का प्रयास के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

spot_img
spot_img
spot_img

सम्बंधित ख़बरें

spot_img

ताजातरीन ख़बरें

spot_img
spot_img
error: Content is protected !!