PRAHAR DUSTAK/चन्दौली । जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के खजूर गांव में बिजली विभाग की ओर से लगाए जा रहे टावर के गिर जाने से शनिवार की शाम पश्चिम बंगाल निवासी एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई में जुट गई।

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी 25 वर्षीय सज्जाद खान एक निजी कम्पनी में मजदूरी करता था। कम्पनी की ओर से खजूर गांव के सिवान में बिजली विभाग का टावर लगाया जा रहा था। जिस पर चढ़कर वह काम कर रहा था। इसी बीच टावर अचानक गिर पड़ा। जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। वहीं उसका साथी मालदा जिले के भगवानपुर के नटुल बाजार निवासी 25 वर्षीय शेख शहीदुल गम्भीररूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं घायल मजदूर को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।






