चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन स्थित सरकारी तालाब पर हो रहे अतिक्रमण पर गुरुवार को पीडीडीयूनगर तहसील प्रशासन और नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर का बुलडोजर चला। इसमें तालाब की जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग और बन रहे रास्ते को हटाया गया। प्रशासन की उक्त कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।

आपको बता दे कि नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर के वार्ड नंबर तीन में सरकारी तालाब है। जिस पर कब्जा कर कॉलोनाइजरों की ओर से उस पर रास्ता और अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसकी शिकायत पीडीडीयू नगर तहसील प्रशासन और नगर पालिका परिषद से की गई थी। इसे लेकर गुरुवार को एसडीएम अनुपम मिश्रा और अधिशासी अधिकारी अविनाश कुमार जेसीबी के साथ विभागीय टीम संघ मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने तालाब की जमीन पर हुए अतिक्रमण को जमींदोज किया। इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा रहा।
इस संबंध में एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चलती रहेगी। अगर किसी भी कॉलोनाइजर ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






