PRAHAR DUSTAK/ चंदौली। जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध तेल कटिंग और पेट्रोलियम भंडारण के रैकेट का भंडाफोड़ किया। यह छापेमारी एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ राजीव सिसोदिया की देखरेख में की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में डीजल, ड्रम, तेल कटिंग के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई। प्रशासन ने इस अवैध कारोबार को उजागर कर कड़े कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार प्रशासन को लंबे समय से रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज एक से सटे हमीदपुर में अवैध तेल कटिंग और पेट्रोलियम भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। इसके आधार पर एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके पर बड़ी मात्रा में डीजल और पेट्रोल के ड्रम, साथ ही तेल कटिंग में प्रयुक्त होने वाले उपकरण जब्त किए गए। यह कार्रवाई अवैध तेल कारोबार पर नकेल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

प्रशासन ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था और इससे काले बाजार में तेल की आपूर्ति हो रही थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की, लेकिन साथ ही मांग की कि ऐसे कारोबारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है, और प्रशासन आगे भी ऐसी कार्रवाइयों को जारी रखने का दावा कर रहा है।






