
चन्दौली जिले के प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के जिला इकाई का चुनाव शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में गहमागहमी के बीच सम्पन्न हुआ। इसमें अध्यक्ष पद पर डॉ संजय कुमार यादव ने आमने सामने की टक्कर में अपने प्रतिद्वंद्वी डॉ जेपी गुप्ता को 43 मतों से शिकस्त दी। मतदान में कुल 81 मतदाताओं में से 79 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें डॉ संजय यादव को 61 व डॉ जेपी गुप्ता को 18 मत मिले। मतदान की प्रक्रिया अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर गुलाब वर्मा और उप मुख्य चिकित्साधिकारी अधिकारी डॉ एके दुबे की देखरेख में संपन्न हुआ। मतगणना तीन बजे शुरू हुई। इसमें चुनाव अधिकारी द्वय ने डॉ संजय यादव को अध्यक्ष घोषित किया। इसके अलावा जिला कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। ततपश्चात सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाणपत्र और माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया गया।

प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के उपाध्यक्ष बने डा. रविकांत सिंह
इस दौरान नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ संजय कुमार यादव ने कहा कि प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ सदैव ही चिकित्सकों के लिए संघर्ष करता रहा है। नई कार्यकारिणी पूरे जोश के साथ चिकित्सक हित में कार्य करेगी। साथ ही उन्होंने सभी चिकित्सकों से सहयोग को अपील की। वहीं सभी नव निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों व पदाधिकारियों को बधाई दी। जबकि नव निर्वाचित उपाध्यक्ष डा. रविकांत सिंह ने कहा कि संगठन को और मजबूत करने के लिए सभी पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे।,अन्य पदाधिकारियों में डॉ देवेश कुमार पांडेय सचिव, डा. उग्रसेन कुमार कार्यकारणी सदस्य, डॉ प्रदीप पांडेय वित्त सचिव और डॉक्टर कौशल कुमार को ऑडिटर मनोनीत किया गया। जीत के बाद चिकित्सकों ने सभी पदाधिकारी को बधाई दी।



















