
चन्दौली जिले के अलीनगर पुलिस ने रविवार की देर शाम सिंघीताली के पास नेशनल हाइवे ओवर ब्रिज पर एक डीसीएम भारवाहन से 16 मवेशियों को बरामद किया। जबकि मौके से एक पशु तस्कर को भी पुलिस ने दबोचा। वही दूसरा फरार हो गया। तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस अगली कार्रवाई में जुट गई।
मुखबिर की सूचना पर अलीनगर पुलिस को मिली सफलता
आपको बता दें कि अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा मय एसआई अरविंद सोनकर, आरक्षी सुमंत कुमार, दीपक यादव, शैलेंद्र यादव और शैलेंद्र कुमार नेशनल हाइवे पर सिंघीताली के समीप जांच पड़ताल कर रहे थे। इसीबीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हाइवे पर बैरिकेडिंग कर बिहार की ओर जा रहे एक संदिग्ध डीसीएम भारवाहन को रोका। लेकिन वाहन का चालक और एक अन्य वाहन को खड़ाकर मौके से भागने लगे। चालक को पुलिस ने दबोच लिया। वही उसका साथी मौके से फरार हो गया। जब भारवाहन की जांच की गई तो उस पर 16 मवेशी लदे थे। पुलिस तस्कर और कंटेनर को मय मवेशी थाने ले गई। जहां तस्कर जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के करदहा निवासी सुनील गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई में जुट गई।
पशु तस्कर सुनील गुप्ता के खिलाफ कई जनपदों में मुकदमा है दर्ज
इस सम्बंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ चन्दौली सहित वाराणसी के विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज हैं। तस्कर अपने साथियों के साथ मिर्जापुर के लालगंज से पास से छुट्टा पशुओं को इकठ्ठा करके पश्चिम बंगाल भेजते हैं।






