
वाराणसी विकास प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र में अवैध कालोनाइजरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। जिसमें बिलारीडीह, रंगौली और गंगेहरा के सिवान में करीब 20 बीघा जमीन पर अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चला। इससे पीडीडीयू नगर और आसपास के क्षेत्र के कालोनाइजरों में हड़कंप मचा रहा।
आपको बता दें कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जोनल अधिकारी सिंह गौरव जयप्रकाश और अवर अभियंता अशोक कुमार यादव अधीनस्थों व पुलिस बल के साथ क्षेत्र के बिलारीडीह के सिवान में नेशनल हाइवे के किनारे स्थित विकसित हो रही कॉलोनी में पहुंचे। जहां कार्यालय पर ताला लगा था। साथ ही वहाँ कोई भी कर्मचारी नहीं मिला। जिसे जेसीबी से जमींदोज कर दिया गया। उसके बाद वीडीए टीम गंगेहरा और रंगौली गांव के सिवान में पहुंची। जहां अवैध तरीके से विकसित हो रही कालोनी के कार्यालय और प्लॉटों की बाउंड्री को भी ध्वस्त किया गया। वीडीए की इस कार्रवाई से कालोनाइजरों में हड़कंप मच रहा।
जोनल अधिकारी सिंह गौरव जयप्रकाश ने बताया कि उक्त कालोनियां बिना नक्शा व लेआउट पास कराए अवैध तरीके से विकसित की जा रही हैं। कहा कि कोई भी व्यक्ति प्लाट खरीदने से पूर्व वीडीए से उसकी पूरी जानकारी अवश्य ले ले। कहा कि अवैध कालोनाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















