PRAHAR DUSTAK/चन्दौली। जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के अदसड़ गांव में बीते शनिवार को बिजली मरम्मत का कार्य कर रहे संविदाकर्मी 24 वर्षीय सरदुम की करंट की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इसमें मंगलवार को सकलडीहा के अधिशासी अभियंता विपिन कुमार ने तकनीशियन कमलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके बाद निलंबित करने वाले एक्सईएन सहित एसडीओ मदन गोपाल श्रीवास्तव और जेई इंद्रजीत कुमार सिंह को भी उच्चाधिकारियों ने निलंबित कर दिया। बिजली विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

संविदाकर्मी सरदुम कार्य करने के दौरान 14 फरवरी को गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में कर्मचारी उसे पीएचसी बरहनी लेकर पहुंचे थे। वहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया।

कंदवा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव निवासी 24 वर्षीय सरदुम संविदा कर्मचारी के रूप में अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर बाद अदसड़ गांव के पास हाईटेंशन तार टूट गया था। इसको जोड़ने के लिए अमड़ा उपकेंद्र से शट डाउन लिया जाना था। उपकेंद्र से चिरइगांव फीडर की लाइन बंद करने के लिए केंद्र के कर्मचारी को बोला गया था। लेकिन उसने वीरा सराय पंप कैनाल की लाइन बंद कर दिया और बताया कि उक्त इलाके की लाइन बंद हो गई। इसके बाद कन्फर्म करके लाइन मैन को काम करने को सूचित किया गया। जबकि अदसड़ क्षेत्र की लाइन चालू थी। जिससे वह उसकी चपेट में आ गया और मौत हो गई।

मामले में प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए एक्सईएन ने तकनीशियन को निलंबित कर दिया। इसके बाद अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह ने जेई इंद्रजीत कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। जबकि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभु कुमार ने एक्सईएन विपिन कुमार और एसडीओ मदन गोपाल श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में तकनीशियन को कमालपुर, एक्सईएन को डिस्कॉम वाराणसी, एसडीओ को प्रयागराज द्वितीय जोन और जेई को चन्दौली से सम्बद्ध कर दिया गया है। इस विभागीय कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।






