PRAHAR DUSTAK/चन्दौली। जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोका रेगुलेटर पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जोगियाँ ग्राम सभा के सीतापुर गांव निवासी बाला लखन्दर (35 वर्ष) जीविकोपार्जन के लिए लकड़ी बेचने का कार्य करता था। बताया गया कि वह सुबह लकड़ी बेचने गया था और लगभग 10 बजे दिन में घर वापस लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब वह भोका रेगुलेटर के पास पहुंचा तो अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। पानी अधिक गहरा होने तथा तैरना न आने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रेगुलेटर के पास सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।






