चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सघन अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने वाहन चालकों को हिदायत दी कि वे सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और अव्यवस्थित रूप से वाहन खड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया।अभियान के तहत सारथी काली मंदिर के आसपास विशेष निगरानी रखी गई। यहां कटे-फटे नोट बदलने का कार्य कर रहे लोगों को भी पुलिस ने सख्त चेतावनी दी। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे खुले में पैसे न रखें और सड़क से पीछे रहकर कार्य करें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह ने आमजन से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शहर को व्यवस्थित व सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें।
इस अभियान में मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर चंद्रकेश शर्मा, कूड़ा बाजार चौकी प्रभारी विजय राज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






