PRAHAR DUSTAK/चंदौली । शराब तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस की चल रही कार्रवाई के तहत रविवार की भोर में सदर कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। इसमें 20 लाख रुपए मूल्य की एक हजार 809 लीटर गैर प्रांत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अगली कार्रवाई में जुट गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि सदर कोतवाल संजय सिंह शनिवार की रात में नवही पुलिस चौकी क्षेत्र में मय फोर्स गश्त कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक तकनीकी रूप से खराब कंटेनर सदर कोतवाली के समीप स्थित नेशनल हाईवे ओवरब्रिज के पास खड़ा है। जिसमें अवैध रूप से गैर प्रांत की शराब लदी हुई है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां वाहन की जांच पड़ताल की गई। जबकि उसके पास कोई चालक या खलासी मौजूद नहीं मिला। हालांकि पुलिस ने आसपास उन्हें तलाश करने का पूरा प्रयास किया लेकिन चालक या खलासी का कहीं पता नहीं चल सका। जब कंटेनर की जांच की गई तो उसके पहले भाग में लकड़ी का कबाड़ और रद्दी सामान रखा हुआ था। उसके अगले भाग को लोहे की चादर को वेल्डिंग करके अलग किया गया था। जिसे गैस कटर के माध्यम से काटा गया। जब उसकी जांच हुई तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब लदी हुई थी। जांच पड़ताल के दौरान गैर प्रान्त की कुल एक हजार 809 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई। वहीं जब कंटेनर के नंबर प्लेट पर दर्ज पंजीकरण संख्या से उसकी जांच की गई तो वाहन का मालिक मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के बिरला नगर ग्रिड के न्यू कॉलोनी निवासी पंकज बघेल निकला जो अस्थाई रूप से राजस्थान में रहता है। पुलिस ने कंटेनर को सीज कर दिया और मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
एसआई राघवेंद्र सिंह, एसआई तरुण कुमार कश्यप, आरक्षी अरविंद कुमार, रूपेश दुबे, सत्य प्रकाश मौर्य शामिल रहे।






