*PRAHAR DUSTAK/चन्दौली।* जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के महराई बिंदपुरवा गांव में मंगलवार की देर शाम नशे में धुत एक युवक ने गाली देने से मना करने पर हुए मामूली विवाद में दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रुप से घायल युवक का धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
धानापुर थाना क्षेत्र के महराई बिंदपुरवा गांव निवासी प्रभुनाथ बिंद का 18 वर्षीय पुत्र चंदन बिंद व मुन्ना बिंद का 19 वर्षीय पुत्र दिलीप बिंद मजदूरी का काम करते हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम दोनों गांव में ही किसी जगह आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक युवक नशे में धुत होकर गाली गलौज करते हुए जा रहा था। इस पर दोनों युवक चंदन और दिलीप ने गाली देने से मना किया तो वह उनसे उलझ गया। इसमें विवाद होने लगा। इसी बीच नशे में धुत युवक ने चाकू से चंदन के पेट और सीने पर हमला कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। वहीं दूसरे युवक दिलीप के पेट में भी चाकू मारकर हमलावर मौके से फरार हो गया। आनन फानन में मौके पर मौजूद ग्रामीण दोनों को धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चंदन को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दिलीप की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर घटना के बाद ग्रामीण आरोपी को पकड़ लिए और पिटाई के बाद उसे धानापुर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक चंदन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद से गांव में तनाव हो गया है। काफी संख्या में वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना की जानकारी होने पर मृतक चंदन बिंद के पिता प्रभु बिंद और मां धनजा देवी सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।



















