PRAHAR DUSTAK/चन्दौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के एआरटीओ ऑफिस के समीप नेशनल हाईवे पर रविवार की देर शाम करीब साढ़े नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। वहीं मृतक के परिजन आनन फानन में जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने पर आपत्ती जताई।
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के डेढ़गांवा निवासी 26 वर्षीय मुकेश सिंह अपनी अपाचे बाइक से अपने किसी साथी के साथ वाराणसी की ओर जा रहा था। एआरटीओ ऑफिस के समीप वे पहुंचे ही थे कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक आ गई। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां मुकेश सिंह को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वही शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। जबकि घायल अज्ञात युवक को ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही मुकेश सिंह के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने उसे मृत मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुकेश सिंह घायल था उसे भी ट्रामा सेंटर रेफर किया जाना चाहिए था। लेकिन डॉक्टर ने ऐसा नहीं किया। पुलिस के अनुसार मुकेश सिंह को डॉक्टर ने जिला अस्पताल में ही मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल अज्ञात युवक को ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया।






