चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सुभाष पार्क के पास से शुक्रवार की शाम एक महिला सहित तीन तस्करों को 18 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोतवाली पुलिस अगली कार्रवाई में जुट गई।

इस दौरान पीडीडीयू नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया ने बताया कि मुगलसराय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर सुभाष पार्क के पास बैग में शराब लेकर खड़े हैं। जो यहां से बिहार जाने की फिराक में है। सूचना पर गगन राज सिंह ने पुलिस टीम के साथ सुभाष पार्क के पास दबिश दी। जहां एक महिला समेत तीन तस्करों को पुलिस टीम ने दबोचा। जिन्हें गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई। पुलिस तस्कर बिहार के पटना जिले के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के कुमार टोली निवासी आदित्य श्रीवास्तव और विवेक कुमार साथ ही पटना जिले के रामलखन पथ थाना क्षेत्र के रामकृष्ण नगर की रीमा कुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस के अनुसार तीनों के पास से कुल 18 लीटर शराब पकड़ी गई है। जिसे वे तस्करी कर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के अलावा उप निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल दिनेश राम, महिला हेड कांस्टेबल शशिकिरण राय शामिल रही।






