18.5 C
Varanasi
spot_img

Chandauli News :अलीनगर में होली ड्यूटी पर दरोगा हेड कांस्टेबल पर जानलेवा हमला. शराबियों ने धारदार हथियार से किया हमला, 13 नामजद, 6 अज्ञात पर केस

spot_img

Published:

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में होली के त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में एक उपनिरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में 13 नामजद और 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

अलीनगर थाने पर तैनात आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि वह कांस्टेबल प्रवेश सिंह के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उनका उद्देश्य वांछित अपराधियों की तलाश करना और होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना था।

मंगलवार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि थाने की द्वितीय मोबाइल में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार और चालक हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव परशुरामपुर पहुंचे थे। वहां शराब ठेके के पास कुछ लोग पटाखे जला रहे थे, जिन्हें मना करने पर वे हट गए।

इसके बाद पुलिस टीम हापुड़ कॉलोनी चौराहे के पास पहुंची, जहां होलिका के निकट कुछ लोग शराब पीकर उत्पात मचा रहे थे। पुलिस द्वारा मना करने पर गौतम चौहान, मुकेश चौहान, संतोष यादव, गोलू चौहान, लवकुश चौहान, अमित चौहान (निवासी मवई खुर्द), बाबू चौहान, साधू, विनेश (लोको कॉलोनी), अंकज पासवान (तारनपुर अमोघपुर), चंदन उर्फ सेठ जी, विशाल चौहान, वीरेंद्र यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार, लाठी-डंडा और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।

इस हमले में दरोगा दिनेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में पीडीडीयू नगर सीओ अरुण सिंह ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और आधा दर्जन से अधिक अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडे ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों में से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

spot_img
spot_img
spot_img

सम्बंधित ख़बरें

spot_img

ताजातरीन ख़बरें

spot_img
spot_img
error: Content is protected !!