15.5 C
Varanasi
spot_img

Chandauli News: कार पर बछिया के लात मारने से हुआ विवाद, मारपीट में पिता-पुत्र घायल, ट्रामा सेंटर रेफर

spot_img

Published:

PRAHAR DUSTAK/चन्दौली । जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के हिन्दवारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार की देर शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां पुत्र की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता गीता देवी ने बताया कि रविवार की शाम करीब पांच बजे उसकी बछिया गांव के संपर्क मार्ग के किनारे बंधी हुई थी। उसी दौरान गांव का राजकुमार चौहान अपनी कार से वहां से गुजर रहा था। बछिया को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया और सभी लोग अपने-अपने घर चले गए।

आरोप है कि देर शाम करीब सात बजे राजकुमार चौहान अपने साथियों करिया, गुरु, कन्हैया और शिवि कुमार के साथ लाठी-डंडा लेकर गीता देवी के दरवाजे पर पहुंच गया। वहां पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी गई। विरोध करने पर आरोपियों ने गीता देवी के पति सुरेश और पुत्र गोरख पर हमला कर दिया और दोनों को बेरहमी से पीट दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना पीड़िता ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने गोरख की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं सुरेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

spot_img
spot_img
spot_img

सम्बंधित ख़बरें

spot_img

ताजातरीन ख़बरें

spot_img
spot_img
error: Content is protected !!